- डीएम, डीसीपी सेन्ट्रल व एडीसीपी ने श्री आनन्देश्वर मन्दिर परिसर में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की तैयारियां देखीं
- किसी तरह की लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी- जिलाधिकारी
कानपुर। सावन मास में शिव भक्तों की सुरक्षा व सुविधा के लिये प्रशासन किसी तरह की कमी नहीं छोड़ना चाहता है। इस सप्ताह के शुक्रवार से प्रारंभ हो रहे श्रावण मास के दृष्टिगत जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस उपायुक्त सेन्ट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव एवं अपर पुलिस उपायुक्त सेन्ट्रल डॉ. अर्चना सिंह ने परमट स्थित श्री आनन्देश्वर मन्दिर, परमट का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मन्दिर परिसर, दर्शन मार्ग, बैरिकेडिंग, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, सीसीटीवी, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। साथ ही मन्दिर के संचालकों एवं मुख्य पुजारी से वार्ता कर श्रावण मास में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम एवं सुरक्षित दर्शन तथा भीड़ प्रबंधन के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर सम्बन्धित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, जिससे श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुचारु वातावरण उपलब्ध कराया जा सके तथा कानून-व्यवस्था पूर्णतः बनाए रखी जा सके।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाए। श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन हेतु प्रमुख स्थानों पर बड़े एवं स्पष्ट साइन बोर्ड लगाए जाएं, जिन पर प्रवेश, निकास, चिकित्सा सहायता, पेयजल, शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी अंकित हो। जिलाधिकारी श्री सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित, सुगमता एवं श्रद्धा के साथ भगवान श्री आनंदेश्वर महादेव के दर्शन एवं जलाभिषेक कर सके। सभी विभागों की व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। श्री आनंदेश्वर महादेव का जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर जनपदवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली की मंगलकामना की।
बाइट- जिलाधिकारी- जितेंद्र प्रताप सिंह




























